लाइव टीवी

House Tax Kanpur: कानपुर वासियों को बड़ा झटका, श्रमिक कॉलोनी और निजी स्कूलों से वसूला जाएगा गृहकर

Updated May 05, 2022 | 16:54 IST

House Tax Kanpur: कानपुर नगर निगम ने लोगों को बड़ा झटका दिया है। नगर निगम अब श्रमिक कॉलोनी और निजी स्कूलों से गृहकर वसूलेगा। फुटपाथ का इस्तेमाल करने वाले गेस्ट हाउस को यूजर चार्ज देना पड़ेगा।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspTwitter
अब कानपुर नगर निगम वसूलेगा हाउस टैक्स
मुख्य बातें
  • कानपुर नगर निगम का श्रमिक कॉलोनियों से गृहकर वसूलने का फैसला
  • निजी स्कूल भी कर के दायरे में लाए गए
  • फुटपाथ का इस्तेमाल करने वाले गेस्ट हाउस को देना पड़ेगा यूजर चार्ज

House Tax Kanpur: कानपुर नगर निगम कार्यकारिणी ने बुधवार को पहली बार सभी श्रमिक कॉलोनियों से गृहकर वसूलने का फैसला लिया है। निजी स्कूल भी कर के दायरे में लाए गए हैं। ऐसे स्कूलों से व्यावसायिक गृहकर या यूजर चार्ज के मद में शुल्क लिया जाएगा। जो स्कूल, गेस्ट हाउस फुटपाथ पर वाहन खड़े कराते हैं, उनसे भी नगर निगम यूजर चार्ज वसूलेगा। कार्यकारिणी समिति की अध्यक्षता कर रहीं महापौर प्रमिला पांडेय ने बताया कि, श्रमिक कॉलोनियों में नगर निगम साफ-सफाई सहित अन्य सुविधाएं मुहैया कराता है। विकास कार्य, मार्ग प्रकाश की व्यवस्था भी करता है, लेकिन गृहकर नहीं मिलता।

हालांकि इन कॉलोनियों में रहने वालों (अध्याशियों) से जल कर और सीवर कर लिया जाता है। इसलिए इन कॉलोनियों में रह रहे लोगों से ही गृहकर लेने का फैसला लिया गया है, इस संबंध में स्वीकृत प्रस्ताव को सदन में रखा जाएगा और सदन की मुहर लगने के बाद स्वीकृति के लिए शासन को भेजा जाएगा। वहां से हरी झंडी मिलते ही लागू कर दिया जाएगा।

नगर निगम की जमीनों पर बनेंगे बाजार

समिति ने नगर निगम की खाली पड़ी जमीनों पर बाजार बनाने का फैसला लिया है। तय हुआ कि, सभी पार्षदों से प्रस्ताव मांगे जाएं कि, उनके वार्डों में कहां -कहां कितनी नगर निगम की जमीने खाली हैं। वहां बाजार विकसित किए जाएंगे। इससे लोगों को रोजगार भी मिलेगा। 

दुकानें ऊंची कराने, मकान बनवाने वालों से अतिरिक्त शुल्क

महापौर के अनुसार, नगर निगम से आवंटित दुकान में 12 फीट से ज्यादा ऊंचाई में निर्माण कराने के मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित की गई है। उनकी अध्यक्षता में गठित समिति में नगर आयुक्त और उप सभापति शामिल हैं। शर्तों का उल्लंघन करते हुए कराए गए अतिरिक्त निर्माणों को गिराने के बजाय अतिरिक्त शुल्क लेने पर भी विचार किया जाएगा। बताते चलें कि, शास्त्री नगर, विजय नगर, नसीमाबाद, जूही, बाबूपुरवा, अजीतगंज, विष्णुपुरी आदि मोहल्लों में 18,035 श्रमिक क्वार्टर हैं।

जोनल प्रभारी जुटाएंगे स्कूलों का ब्यौरा

महापौर ने बताया कि, कार्यकारिणी समिति ने निजी स्कूलों पर कामर्शियल हाउस टैक्स लगाने और इसे वसूलने का फैसला लिया है। फिलहाल स्कूलों से गृहकर नहीं लिया जाता है। तय हुआ कि, जो निजी स्कूल बंगलों में चल रहे हैं, वे भी प्रतिमाह हजारों रुपये वसूल रहे हैं, उनसे नगर निगम व्यावसायिक कर लेगा। सभी जोनल प्रभारियों से अपने-अपने क्षेत्र में ऐसे स्कूलों को चिह्नित कर समिति की अगली बैठक में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए कहा गया है। फुटपाथ पर पार्किंग बनाने वाले स्कूलों से यूजर चार्ज लिया जाएगा। फुटपाथ का उपयोग कर रहे गेस्ट हाउसों से भी टैक्स लेंगे।

Kanpur News in Hindi (कानपुर समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharatपर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।