लाइव टीवी

Single Use Plastic Ban: कानपुर में सिंगल यूज प्लास्टिक चार जुलाई से बैन, इन उत्पादों की बिक्री पर लगेगी रोक

Updated Jun 29, 2022 | 17:46 IST

Single Use Plastic Ban: कानपुर में सिंगल यूज प्लास्टिक पर सख्ती अपनाई जाएगी। शहर में इसे लेकर नगर निगम जागरूकता अभियान चला रहा है, वहीं, चार जुलाई से सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल करने पर जुर्माना लगेगा।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspRepresentative Image
सिंगल यूज प्लास्टिक पर कानपुर नगर निगम सख्त
मुख्य बातें
  • सिंगल यूज प्लास्टिक पर कानपुर नगर निगम सख्त
  • तीन जुलाई तक नगर निगम जागरूकता अभियान
  • सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल करने पर चार जुलाई से लगेगा जुर्माना

Single Use Plastic Ban: कानपुर समेत सूबे में एक जुलाई से सिंगल यूज प्लास्टिक और थर्मोकोल से बने उत्पाद प्रतिबंधित हो जाएंगे। शहर में इसे लेकर आज से तीन जुलाई तक नगर निगम जागरूकता अभियान चलाएगा। चार जुलाई से इसके इस्तेमाल पर जुर्माना लगाया जाएगा। उत्पाद तैयार करने वालों पर भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। नगर आयुक्त शिव शरणप्पा जीएन ने मंगलवार को नगर निगम मुख्यालय में प्रेस कांफ्रेंस में यह जानकारी दी। नुक्कड़ नाटक के जरिए लोगों को जागरूक किया जाएगा। नगर निगम की टीम बाजारों और मेडिकल स्टोर से प्लास्टिक भी जब्त करेगी। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमित सिंह ने बताया कि सितंबर 2021 में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा सिंगल यूज प्लास्टिक को प्रतिबंधित किया गया था। 

इसमें ईयरबड, बैलून, आइसक्रीम और कैंडी में लगी प्लास्टिक स्टिक भी शामिल थी। अब इसके उत्पादन को भी प्रतिबंधित किया जाएगा। 30 जून को पांडु नगर स्थित जवाहर पार्क में आयोजन होगा। एक जुलाई को कारगिल पार्क में इको मेला लगेगा। दो जुलाई को गंगा किनारे पांच घाटों की सफाई होगी।

इन उत्पादों की बिक्री पर लगेगी रोक

थर्माकोल से बने प्लेट, कप, ग्लास, कटलरी जैसे कांटे, चम्मच, चाकू, पुआल, ट्रे, रैपिंग, पैकिंग फिल्म्स, निमंत्रण कार्ड पर प्लास्टिक पैकिंग, सिगरेट के पैकेट व प्लास्टिक के झंडे आदि उत्पादों पर रोक लगेगी।

कैरी बैग की मोटाई 120 माइक्रॉन होगी

प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी डॉ. अनिल माथुर ने बताया, जनवरी 2022 से प्लास्टिक कैरीबैग की मोटाई अब 50 से बढ़ा 120 माइक्रॉन कर दी गई है। इसको रिसाइकिल किया जा सकेगा। नगर निगम व प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की संयुक्त टीमों के पास माइक्रॉन नापने की मशीन भी होगी।

रोजाना 35 स्कूलों में प्लास्टिक यूज न करने की दिलाई जाएगी शपथ 

जागरूकता अभियान में रोजाना 35 स्कूलों में प्लास्टिक यूज न करने की शपथ दिलाई जाएगी। शहर के 10 एनजीओ विभिन्न स्थानों पर जागरुकता अभियान चलाएंगे। रेलवे पर प्लास्टिक एकत्रीकरण व 150 स्थानों पर प्लास्टिक दान अभियान चलेगा। इसके अलावा नगर निगम की टीमें रोज 150 स्थानों पर प्लास्टिक सफाई अभियान चलाएंगी।

Kanpur News in Hindi (कानपुर समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharatपर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।