लाइव टीवी

'हम मजबूत हुए, 2025 है लोजपा का लक्ष्य', चुनाव नतीजों पर चिराग की पहली प्रतिक्रिया

Updated Nov 11, 2020 | 12:11 IST

Bihar Assembly Election Result 2020: लोजपा नेता ने कहा कि उन्होंने नीतीश कुमार को सीएम की कुर्सी से दूर रखने के लिए चुनाव लड़ा था लेकिन वह जनादेश का सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा कि लोजपा चुनाव में मजबूत हुई।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspPTI
बिहार चुनाव नतीजों पर चिराग पासवान की पहली प्रतिक्रिया।
मुख्य बातें
  • बिहार चुनाव में लोजपा को मिली है एक सीट, छह फीसदी वोट मिला
  • रिजल्ट आने के बाद अपनी पहली प्रतिक्रिया में चिराग ने कहा-अब 2025 लक्ष्य
  • चिराग पासवान ने प्रत्याशियों को शुभकामनाएं दींं, बोले-पार्टी की नीव मजबूत हुई

पटना : बिहार चुनाव परिणामों पर लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) अध्यक्ष चिराग पासवान की पहली प्रतिक्रिया आई है। चिराग ने बुधवार को कहा कि उनकी पार्टी ने मजबूती के साथ चुनाव लड़ा और इससे उसके जनाधार में विस्तार हुआ है। लोजपा नेता ने कहा कि उन्होंने नीतीश कुमार को सीएम की कुर्सी से दूर रखने के लिए चुनाव लड़ा था लेकिन वह जनादेश का सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में पार्टी की नीव मजबूत हुई है और अब लोजपा का लक्ष्य 2025 का चुनाव है। चिराग ने कहा कि वह भाजपा के साथ मिलकर सरकार बनाना चाहते थे। हम चुनाव में अकेले लड़े इसलिए इसे लोजपा की हार के रूप में नहीं देखना चाहिए। बिहार चुनाव में लोजपा को एक सीट मिली है।   

इस चुनाव में लोजपा को 6 फीसदी वोट मिले 
लोजपा नेता ने कहा, 'इस चुनाव में लोगों ने अपना स्नेह लोजपा को दिया है। 'बिहार फर्स्ट एवं बिहारी फर्स्ट' के विजन पर करीब 25 लाख लोगों ने अपना विश्वास जताया है। इस चुनाव में पार्टी को करीब 6 प्रतिशत वोट मिले हैं। हमें 'पिछलग्गू' पार्टी कहा गया लेकिन हमने चुनाव लड़कर अपनी ताकत दिखाई।' चिराग ने कहा कि चुनाव की तैयारियों के बीच उनके पिता राम विलास पासवान का निधन हो गया। ऐसे में प्रत्याशियों का चयन करने के लिए ज्यादा समय नहीं मिला। 

चिराग बोले-प्रत्याशियों के चयन में ज्यादा समय नहीं मिला
उन्होंने कहा, '135 सीटों के लिए हमने नौ से 20 सितंबर के बीच अपने प्रत्याशी तय किए। पिता राम विलास पासवान का निधन हो जाने के चलते मुझे प्रत्याशी तय करने के लिए ज्यादा समय नहीं मिला। फिर भी लोजपा प्रत्याशियों ने मजबूती के साथ चुनाव लड़ा। इस चुनाव में पार्टी की नीव मजबूत हुई है। मैं सभी प्रत्याशियों को बधाई देता हूं। अब हमारा लक्ष्य 2025 का विधानसभा चुनाव है।'

लोजपा को मिली है 1 सीट
बिहार चुनाव में लोजपा ने एनडीए से अलग होकर चुनाव लड़ा। उसने जद-यू प्रत्याशियों के खिलाफ अपने प्रत्याशी उतारे। चिराग को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव लड़ना मंजूर नहीं था। चुनाव प्रचार के दौरान चिराग ने सीएम नीतीश पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया और उन पर तीखे हमले किए। उन्होंने खुद को पीएम मोदी का 'हनुमान' बताया। भाजपा के बागी नेताओं को टिकट देकर चिराग ने जद-यू की मुश्किलें बढ़ाई। 

पढ़िए Patna के सभी अपडेट Times Now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।