लाइव टीवी

Ranchi Crime: रांची में स्कूल-कॉलेज के पास ब्राउन शुगर बेचने वाले पांच और गिरफ्तार, लड़कियां भी शामिल

Updated Jul 25, 2022 | 15:47 IST

Ranchi Crime: राजधानी में नशे का कारोबार बढ़ने लगा है। नशे के माफिया के निशाने पर स्कूल और कॉलेज हैं। यह माफिया अपने गुर्गों के माध्यम से शिक्षण संस्थानों के पास ब्राउन शुगर की बिक्री करा रहे हैं। पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने छह तस्करों को गिरफ्तार किया है।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspRepresentative Image
रांची में नशे के कारोबारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई
मुख्य बातें
  • हिंदपीढ़ी से गिरफ्तार हुए शमशाद की निशानदेही पर गिरफ्तार हुए छह लोग
  • पुलिस ने अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर तस्करों को गिरफ्तार किया
  • गिरोह में युवतियां भी शामिल है, उम्र 20 से 21 साल

Ranchi Crime: रांची में ब्राउन शुगर की तस्करी बड़े पैमाने पर हो रही है। इसे स्कूल और कॉलेज के छात्र-छात्राओं को बेचा जा रहा है। पुलिस ने नशे के तस्करों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। शनिवार की रात पुलिस ने हिंदपीढ़ी से नौ पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ शमशाद को पकड़ा था। शमशाद ने पुलिस को बताया कि, शहर में कई लोग हैं, जो स्कूल-कॉलेज के पास ब्राउन शुगर बेचते हैं। 

पुलिस ने उसकी निशानदेही पर छापेमारी शुरू की। अब तक छह लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सिटी एसपी अंशुमान कुमार का कहना है कि, गिरोह में युवतियां भी काम कर रहीं हैं। सभी तस्कर शहर के अलग-अलग मोहल्लों में नशे का सामना बेचते थे। इनके ग्राहक फिक्स हैं। उन्हें नशे का सामना देने के लिए यह लोग कोड वर्ड का इस्तेमाल किया करते थे।

इनकी हुई है गिरफ्तारी

छापेमारी में पुलिस ने पुंदाग के इलाही नगर के 3 युवक (शिवा लोहरा, मंसूर अंसारी, अभिषेक सिंह) व 2 युवतियों को गिरफ्तार किया है जिनकी उम्र 20 और 21 साल है। सिटी एसपी अंशुमान का कहना है कि, शमशाद की निशानदेही पर ही पुंदाग के इलाही नगर में छापा मारा गया। यहां तबरेज अंसारी के घर से हथियार, गोली, ब्राउन शुगर और नकदी बरामद हुए। तबरेज और उसके दो दोस्त परवेज अंसारी, मंसूर अंसारी हथियार और ब्राउन शुगर की तस्करी करते हैं। मंसूर गिरफ्तार हो चुका है, जबकि तबरेज और परवेज फरार हैं। 

छापेमारी में यह चीजें हुईं बरामद

पुलिस की छापेमारी में एक रिवॉल्वर, एक पिस्टल, कट्टा, 15 गोली, 20 ग्राम के 180 पुड़िया ब्राउन शुगर, 1.96 लाख रुपए मिले हैं। आरोपियों पर हिंदपीढ़ी, पुंदाग ओपी और अरगोड़ा थाने में केस दर्ज कराया गया है। 

ब्राउन शुगर बेचने पर जेल जा चुका है अभिषेक

सिटी एसपी के मुताबिक, अभिषेक सिंह सरायकेला से ब्राउन शुगर लाया करता था। वह खुद भी सेवन करता है और बेचता भी है। वह पूर्व में जेल की हवा खा चुका है।