Anushka Sharma जैसा ही था Neha Kakkar का वेडिंग लुक, शादी के चार दिन बाद सिंगर ने शेयर की तस्वीरें

नेहा कक्कड़ ने 24 अक्टूबर को रोहनप्रीत सिंह से शादी कर ली है और शादी के चार दिन बाद सोशल मीडिया पर वेडिंग फोटोज शेयर कीं। नेहा के फैंस को यह फोटोज काफी पसंद आ रही हैं।

Anushka Sharma and Neha Kakkar Wedding Photos
Anushka Sharma and Neha Kakkar Wedding Photos  |  तस्वीर साभार: Instagram
मुख्य बातें
  • नेहा कक्कड़ ने 24 अक्टूबर को की थी रोहनप्रीत सिंह से शादी
  • शादी के चार दिन बाद नेहा ने सोशल मीडिया पर शेयर की खूबसूरत तस्वीरें
  • शादी से कुछ दिन पहले नेहा- रोहनप्रीत ने ऑफिशियल किया था अपना रिलेशनशिप

बॉलीवुड सिंगर नेहा कक्कड़ हाल ही में पंजाबी सिंगर रोहनप्रीत सिंह संग शादी के बंधन में बंध गईं। दोनों ने दिल्ली में धूमधाम से सात फेरे लिए और यह शादी काफी चर्चा में रहीं। शादी के बाद से ही लगातार दोनों की फोटोज और वीडियोज सोशल मीडिया पर छाई हुई हैं। अब खुद नेहा ने अपनी शादी की खूबसूरत फोटोज सोशल मीडिया पर शेयर कीं। 

नेहा कक्कड़ ने सोशल मीडिया पर शादी की फोटोज शेयर कीं जिसमें वो डिजाइनर सब्यसाची द्वारा डिजाइन किया गया पेस्टल पिंक कलर का लहंगा पहने दिख रही हैं तो वहीं रोहनप्रीत सिंह भी पिंक कलर की शेरवानी और पगड़ी पहने हुए हैं। इस मैचिंग आउटफिट में दोनों काफी अच्छे लग रहे हैं और उनके फैंस को यह फोटोज बहुत पसंद आ रही हैं। 

24 अक्टूबर को की थी शादी

मालूम हो कि नेहा और रोहनप्रीत ने 24 अक्टूबर को दिल्ली स्थित गुरुद्वारे में शादी की थी। दोनों की तस्वीरें फैंस को बहुत पसंद आ रही हैं और वो कमेंट कर उनकी तारीफ कर रहे हैं। बता दें कि दोनों ने शादी से कुछ समय पहले ही सोशल मीडिया पर अपने रिश्ते को ऑफिशियल किया था जिसके बाद ही उनकी शादी की खबरें आने लगी थीं। इसके बाद दोनों सोशल मीडिया पर एक दूसरे के साथ फोटोज व वीडियो शेयर करते व कमेंट कर एक दूसरे के लिए अपने प्यार का इजहार भी करते नजर आए। इसके बाद नेहा ने रोहनप्रीत के परिवार संग अपनी पहली मुलाकात का वीडियो और अपने रोके का वीडियो भी शेयर किया था। 

अनुष्का शर्मा जैसा था नेहा कक्कड़ का वेडिंग लुक

नेहा के लुक की बात करें तो यह काफी हद तक एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा के वेडिंग लुक से मिलता जुलता है। अनुष्का ने भी अपनी शादी में  सब्यसाची द्वारा डिजाइन किया गया पेस्टल पिंक कलर का लहंगा पहना था और उनके लुक को काफी पसंद किया गया था। नेहा और अनुष्का दोनों ने अपनी शादी में हाथों में चूड़ा और कलीरे पहने। मालूम हो कि अनुष्का शर्मा और विराट कोहली ने साल 2017 में इटली के लेक कोमो में शादी की थी। दोनों अब जल्द ही पेरेंट्स बनने वाले हैं जिसकी जानकारी उन्होंने खुद सोशल मीडिया के जरिए फैंस को दी थी।

कौन हैं रोहनप्रीत सिंह

मालूम हो कि नेहा कक्कड़ और रोहनप्रीत सिंह कुछ समय से एक दूसरे को डेट कर रहे थे। नेहा कक्कड़ से रोहनप्रीत 6 साल छोटे हैं। रोहनप्रीत ने 2007 में रियलिटी शो 'सा रे गा मा पा लिल चैंप्स' से करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद रोहनप्रीत सिंह साल 2018 में राइजिंग स्टार 2 में नजर आए। शो के वो फर्स्ट रनरअप थे। यही दो शो हैं जिनसे रोहनप्रीत सिंह को पहचान मिली। 

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर