शाहरुख खान संग झगड़े से लेकर इस बीमारी तक को लेकर चर्चा में रहे हनी सिंह, जानें रैपर से जुड़े 5 विवाद

सिंगर और रैपर हनी सिंह का विवादों से पुराना रिश्ता रहा है और वो कई बार इसके चलते चर्चा में रह चुके हैं। जानें वो 5 बार जब विवादों में रहे हनी सिंह।

Honey Singh
Honey Singh 
मुख्य बातें
  • हनी सिंह अपने काम के अलावा कई बार विवादों में रहे हैं।
  • हनी सिंह बाइपोलर डिसऑर्डर को लेकर भी लंबे समय तक खबरों में रहे।
  • शाहरुख खान संग झगड़े को लेकर भी हनी सिंह का नाम चर्चा में रहा।

बॉलीवुड के सिंगर व रैपर हनी सिंह किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं। हनी सिंह ने जहां एक तरफ कई हिंदी और पंजाबी गाने गाए हैं तो वहीं वो कई फिल्मों में भी काम कर चुके हैं। वो काम के साथ- साथ विवादों को लेकर भी कई बार चर्चा में रह चुके हैं। हम आपको बता रहे हैं उनसे जुड़े 5 विवाद। 

18 महीने तक थे 'गायब'

हनी सिंह  लंबे समय तक लाइमलाइट से दूर रहने के चलते भी चर्चा में रहे हैं। साल 2014 में वो लंबे समय के लिए गायब हो गए थे लेकिन साल 2016 में उन्होंने वापसी की और बताया कि वो बाइपोलर डिसऑर्डर से पीड़ित थे। उन्हें लेकर खबरें थीं कि ड्रग्स के चलते वो रिहैब सेंटर में हैं, हालांकि बाद में उन्होंने बताया था कि वो रिहैब में नहीं बल्कि नोएडा में अपने घर पर थे। हनी सिंह ने कहा था, '18 महीने मेरी जिन्दगी का सबसे खराब वक्त था। इस दौरान मैं पूरे समय नोएडा में अपने घर में रहा। सचाई यह है कि मैं बाइपोलर डिसऑर्डर से पीड़ित था। इसका इलाज 18 महीने तक चला।' हनी सिंह ने यह स्वीकार किया था कि वो बाइपोलर होने के साथ- साथ शराब के आदी थे, जिसके चलते उनकी समस्या बढ़ गई थी।

शाहरुख खान के साथ हुआ झगड़ा?

हनी सिंह को लेकर खबरें आईं थीं कि उनका बॉलीवुड एक्टर शाहरुख खान के साथ झगड़ा हो गया है। दरअसल यह खबरें थीं कि फिल्म हैप्पी न्यू ईयर के प्रमोशनल इवेंट के दौरान शाहरुख खान ने प्रोफेशनलिज्म नहीं दिखाने के चलते उन्हें थप्पड़ तक मार दिया था। हालांकि बाद में हनी सिंह ने इसे केवल अफवाह बताया। 

'मखना' गाने पर बवाल

हनी सिंह अपने गाने 'मखना' को लेकर भी चर्चा में रह चुके हैं। इस गाने में महिलाओं के लिए अभद्र और अशोभनीय शब्‍दों का इस्‍तेमाल किया जिसके चलते पंजाब महिला आयोग ने इस गाने के खिलाफ अपनी आवाज उठाई थी। पंजाब स्टेट वुमन कमिशन की चेयरपर्सन मनीषा गुलाटी ने इस मामले में एफआईआर दर्ज करवाई थी। 

बादशाह संग टूटी दोस्ती

हनी सिंह और बादशाह ने कई गाने साथ गाए और एक समय में दोनों अच्छे दोस्त थे, लेकिन बाद में उनकी दोस्ती खत्म हो गई। जानकारी के मुताबिक दिल्ली की एक पार्टी में दोनों के बीच कहासुनी हुई और फिर बात हाथापाई तक पहुंच गई। दरअसल बात तब शुरू हुई जब हनी सिंह से बादशाह द्वारा उन्हें रिप्लेस करने को लेकर सवाल पूछा गया। इसपर हनी सिंह ने खुद को रोल्स रॉयस और बादशाह को नैनो कार बताया।

रैपर रफ्तार संग भ बिगड़े रिश्ते

हनी सिंह के रिश्ते केवल बादशाह के साथ ही नहीं बल्कि रैपर रफ्तार संग भी बिगड़े। दोनों ने साथ में रैप ग्रुप माफिया मुंदीर के लिए काम किया लेकिन जानकारी के मुताबिक हनी सिंह ने रफ्तार को इसका क्रेडिट नहीं दिया। इसके बाद रफ्तार अपना गाना 'स्वैग मेरा देसी' लेकर आए जिसके जरिए कथित तौर पर उन्होंने हनी सिंह पर निशाना साधा।

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर