Mumbai: बेरहम निकला पति! पत्नी की हत्या कर बेटी पर भी किया हमला, फिर किया आत्मसमर्पण

Mumbai Crime News: नागपुर में पति ने अपनी पत्नी को मौत के घाट उतार दिया है। आरोपी की पत्नी को उसके अवैध संबंधों को लेकर शक था, जिसकी वजह से पति-पत्नी के बीच तकरार होती रहती थी। इसके बाद आरोपी ने पत्नी की हत्या कर दी। पत्नी की हत्या कर शख्स ने आत्मसमर्पण भी कर दिया।

Mumbai Crime News
पति ने पत्नी को उतारा मौत के घाट  |  तस्वीर साभार: Representative Image
मुख्य बातें
  • नागपुर में पति ने अपनी पत्नी को उतार दिया मौत के घाट
  • आरोपी की पत्नी को उसके अवैध संबंधों को लेकर था शक
  • घटना नागपुर के पचपौली पुलिस थाना क्षेत्र की है

Mumbai Crime News: नागपुर में पति और पत्नी के रिश्ते को ताड़-ताड़ कर देने वाली एक घटना सामने आई है। एक सनकी पति ने अपनी पत्नी को मौत के घाट उतार दिया। इतना ही नहीं आरोपी ने अपनी 10 साल की मासूम बेटी को भी बेरहमी से पीटा है। घटना नागपुर के पचपौली पुलिस थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने बताया है कि, लश्करीबाग स्थित अपनी पत्नी की हत्या कर शख्स ने आत्मसमर्पण भी कर दिया। आरोपी की पहचान परशुराम ब्रह्मे (33) के तौर पर हुई है। 

आरोपी एक अस्पताल के मुर्दाघर में एक संविदा कर्मचारी के तौर पर काम करता है। पुलिस ने कहा है, आरोपी ब्रह्मे के अवैध संबंधों को लेकर पति-पत्नी के बीच तकरार के बाद हत्या की संभावना जताई जा रही है। पचपौली पुलिस ने ब्रह्मे के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।  

पत्नी को आरोपी के अफेयर होने का शक था

पुलिस ने बताया है कि, ब्रह्मे का वैवाहिक जीवन कुछ अच्छा नहीं था। पत्नी को घर से बाहर आरोपी पति के कथित अफेयर होने का शक था, जिसको लेकर वह अक्सर आपत्ति जताती थी। पुलिस ने कहा कि पीड़ित परिवार ने एक विशेष महिला के नाम का उल्लेख किया है और कुछ और अन्य चीजों के बारे में जानकारी दी है। पुलिस ने बताया है ब्रह्मे की पत्नी ने उसे महिलाओं से बातचीत और मुलाकात करते हुए रंगे हाथों पकड़ा था। मामले पर वरिष्ठ निरीक्षक संजय मेंढे ने कहा कि महिला की हत्या संभवत: ब्रह्मे के अफेयर को लेकर आपत्ति जताने पर हुई है।

इस तरह दिया घटना को अंजाम

बताया जा रहा है आरोपी ब्रह्मे का अस्पताल में अपनी एक सहकर्मी के साथ भी अफेर था। शुक्रवार की आधी रात के बाद हुए झगड़े के बाद ब्रह्मे ने पत्नी के सिर पर लकड़ी के स्टूल से वार कर उसे घायल कर दिया था। मां को बचाने के लिए दौड़ी बेटी तो उसने उसके साथ भी मारपीट की। वहीं आरोपी की छोटी बेटी ने मकान मालकिन और पड़ोसियों को बुलाने के लिए दौड़ लगाई, जिन्होंने शोर मचाया और पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित किया। जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो ब्रह्मे आत्मसमर्पण करने थाने पहुंच गया। शनिवार को उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे पचपौली थाने की चार दिन की हिरासत में भेज दिया गया।

Mumbai News in Hindi (मुंबई समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर