Mumbai Traffic Relief: गोरेगांव से मुलुंड पहुंचने में लगेंगे अब 20 मिनट, मुंबई के जाम से मिलेगा छुटकारा

Mumbai Traffic Relief: मुंबईवासियों के लिए एक और तोहफा देते हुए ठाकरे सरकार ने गोरेगांव-मुलुंड लिंक रोड परियोजना शुरू कर दी है। आदित्य ठाकरे ने परियोजना का भूमिपूजन किया। इस लिंक रोड से अब केवल 20 मिनट में गोरेगांव से मुलुंड सफर किया जा सकता है।

Mumbai Traffic Relief
पालकमंत्री आदित्य ठाकरे ने परियोजना का किया भूमिपूजन  
मुख्य बातें
  • मुंबई को जाम से निजात दिलाने के लिए बनेगी गोरेगांव-मुलुंड लिंक रोड
  • सड़क मार्ग से गोरेगांव-मुलुंड जाने में लगेंगे सिर्फ 20 मिनट
  • पर्यटन मंत्री आदित्य ठाकरे ने परियोजना का किया भूमिपूजन 

Mumbai Traffic Relief:  महा आघाड़ी सरकार ने मुंबई के विकास के लिए और मुंबईकरों को ट्रैफिक की समस्या से निजात दिलाने के लिए गोरेगांव-मुलुंड लिंक रोड परियोजना की शुरुआत कर दी है। पर्यावरण व पर्यटन मंत्री आदित्य ठाकरे ने मुलुंड-गोरेगांव उड़ान पुल का भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि, गोरेगांव-मुलुंड मार्ग अगले तीन सालों में बनकर तैयार हो जाएगा।

इस पर कुल लागत  6 हजार 9 सौ करोड़ रुपए लगेगी। बीएमसी का दावा है कि, गोरेगांव-मुलुंड लिंक रोड के तैयार हो जाने से पश्चिम और पूर्वी उपनगरों के बीच की 1 घंटे की दूरी सिर्फ 20 मिनट में पूरी हो सकेगी। यह लिंक मार्ग ऐरोली रोड से नवी मुम्बई में प्रस्तावित एयरपोर्ट और कल्याण डोम्बिवली को जोड़ेगा। इस लिंक रोड के जरिये इन इलाकों तक पहुंचने में आसानी होगी। 

1300 करोड़ रुपयों का प्रावधान किया
गौरतलब हो कि, 12.20 किलोमीटर लंबे और 45.70 मीटर चौड़े इस लिंक रोड के निर्माण की अनुमानित लागत 8 हजार 137 करोड़ रुपये है। बीएमसी ने अपने 2022-23 के बजट में इस लिंक रोड परियोजना के लिए 1300 करोड़ रुपयों का प्रावधान किया था। आदित्य ठाकने ने कहा कि, यह उड़ान पुल चार लेन का बनेगा और इसे बनाने में कुल लागत 6 हजार 9 सौ करोड़ लगेगी। मुंबई की जनसंख्या दिन-ब-दिन बढ़ रही है और इसके लिए सड़कों का विस्तारीकरण जरूरी है। उन्होंने कहा कि, संजय राष्ट्रीय गांधी उद्यान जंगल है और यहां भूमिगत मार्ग बनाने में चार साल लगेगा। इसके बन जाने से वाहन चालकों का काफी समय बचेगा। मुलुंड-गोरेगांव लिंक रोड़ को जोड़ने वाला मार्ग  बीएमसी का एक महत्वाकांक्षी प्रकल्प है जो पूर्व उपनगर को पश्चिम  से जोड़ेगा। उन्होंने कहा कि, संजय गांधी उद्यान में भूमिगत मार्ग  बनाने पर भी पर्यावरण का कोई नुकसान नहीं होगा।

10 हजार चलेगी इलेक्ट्रिक बसें
पर्यटन मंत्री ने कहा कि, वर्ष 2027 तक दस हजार बेस्ट की इलेक्ट्रिक बसें सड़क पर दौड़ेगी। इसके अलावा डेढ़ हजार डबल डेकर बसें भी चलेंगी। उन्होंने कहा कि, बीस रुपए में लोग पूरे मुंबई में बेस्ट से यात्रा कर रहे हैं। यह कितना सुखद है। पर्यावरण मंत्री ने कहा कि, मुंबई लाख समस्याओं के बाद भी आगे बढ़ती रहती है और कभी रुकती नहीं है। मुंबईकरों को  500 वर्ग फुट के मकान के लिए कोई प्रापर्टी टैक्स नहीं देना होगा। सरकार की कई  योजनाएं प्रगति पर हैं और इस पर एजेंसियां कार्य कर रही हैं। अतिरिक्त आयुक्त पी वेल रासू ने कहा कि, मुलुंड-गोरेगांव उड़ान पुल के निर्माण के बारे में नौ बार बैठक हुई थी, लेकिन यह शुभ दिन आज आया और इस उड़ान पुल का भूमिपूजन किया गया। इस  भूमिपूजन समारोह  में  पूर्व सांसद संजय पाटिल, विधायक सुनील राउत, विधायक रमेश कोरगावकर  और मिलिंद नार्वेकर सहित  काफी संख्या में शिवसैनिक उपस्थित थे।

Mumbai News in Hindi (मुंबई समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर