Mumbai News: मुंबई में नवजात को डस्टबिन में फेंक गए परिजन, इस हालत में मिला मासूम, भर आईं सबकी आंखें

Mumbai News: मुंबई में लगातार दूसरे दिन नवजात को लावारिस फेंकने का मामला सामने आया है। सोमवार के बाद मंगलवार को भी ऐसा ही मामला सामने आया है। यहां के माहिम कपड़ा बाजार क्षेत्र में मंगलवार को अज्ञात व्यक्ति एक नवजात शिशु को डस्टबिन में फेंक गया। इससे पहले सोमवार को दक्षिण मुंबई के एक फाइव स्टार होटल के वॉशरूम के डस्टबिन में नवजात को फेंका गया।

Mumbai Crime
मुंबई में फिर नवजात को डस्टबिन में फेंकने का मामला आया सामने (प्रतीकात्मक तस्वीर)  |  तस्वीर साभार: ANI
मुख्य बातें
  • मुंबई के माहिम कपड़ा बाजार के डस्टबिन में मिला नवजात
  • पुलिस ने अज्ञात शख्स के खिलाफ दर्ज किया मामला
  • सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस, लगातार सामने आ रहे ऐसे मामले

Mumbai News: मुंबई में लगातार दूसरे दिन इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां दो दिन के एक बच्चे को उसके अपने ही डस्टबिन में फेंक गए। जिस बच्चे को परिजनों की गोद मिलनी चाहिए थी, उसे मिली गंदगी और कचरे से भरी बाल्टी। स्थानीय लोगों ने नवजात को देख तुरंत पुलिस को सूचना दी। 

मौके पर पहुंची पुलिस नवजात को अस्पताल ले गई। साथ ही पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इससे पहले सोमवार को भी ऐसा ही एक मामला सामने आया था। 

लगातार सामने आ रही है नवजात बच्चों को फेंकने की घटनाएं 

जानकारी के अनुसार, मुंबई के माहिम कपड़ा बाजार क्षेत्र में मंगलवार को अज्ञात व्यक्ति एक नवजात शिशु को डस्टबिन में फेंक गया। बच्चा दो दिन का बताया जा रहा है। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भारतीय दंड ​संहिता की धारा 318 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब माहिम क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर आरोपी व्यक्ति की तलाश कर रही है। आपको बता दें कि, बीते दिनों एक अज्ञात शख्स 15 दिन के मासूम को मरीन ड्राइव इलाके में छोड़ गया था। जिसकी सूचना लोगों ने पुलिस को दी थी। इस मामले में भी पुलिस ने केस दर्ज किया है। 


और यहां फाइव स्टार होटल के टॉयलेट में नवजात को छोड़ भागी मां 

मुंबई में 41 वर्षीय एक महिला फाइव स्टार होटल के टॉयलेट के डस्टबिन में अपना नवजात फेंक गई। महिला के खिलाफ एनएम जोशी मार्ग पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है। जानकारी के अनुसार, सोमवार को दक्षिण मुंबई के एक फाइव स्टार होटल के वॉशरूम के डस्टबिन में नवजात को फेंका गया। मामला तब प्रकाश में आया जब सुबह 10:30 बजे हाउस कीपिंग स्टाफ आठवीं मंजिल पर बने वॉशरूम की सफाई करने पहुंचा। स्टाफ को जब बच्चे के रोने की आवाज आई तो उसने डस्टबिन देखा, जहां नवजात रो रहा था। पुलिस ने आरोपी महिला की पहचान कर ली है, हालांकि उसे अभी तक ​गिरफ्तार नहीं किया गया है। महिला ने पुलिस को बताया कि, वह एक निजी कंपनी में कार्यरत है और इसी सिलसिले में होटल आई थी। जहां सुबह करीब नौ से दस बजे के बीच उसने बच्चे को जन्म दिया। महिला ने बताया कि, परिवार से चल रहे विवाद के कारण उसने बच्चे को फेंक दिया। नवजात फिलहाल नायर अस्पताल में भर्ती है।

Mumbai News in Hindi (मुंबई समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर