Bihar flood 2020: बिहार में बाढ़ से हाल हुए बेहाल, 16 जिलों में 74 लाख से अधिक आबादी प्रभावित

पटना समाचार
भाषा
Updated Aug 10, 2020 | 23:38 IST

बिहार में बाढ़ लोगों के लिए मुसीबतों का पहाड़ बनकर टूटी है। अभी तक राज्य के 16 जिलों में 74 लाख से अधिक लोग इस भीषण बाढ़ से प्रभावित हुए ङैं।

74 Lakh People Affected In 16 Districts Due To Bihar Flood
बिहार में बाढ़ से हाल हुए बेहाल,74 लाख से अधिक लोग प्रभावित 
मुख्य बातें
  • बिहार में बाढ़ से हाहाकार, 16 जिलों में 74 लाख से अधिक लोग प्रभावित
  • एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की कुल 33 टीमों की तैनाती की गयी है
  • कई प्रमुख नदियों का जल स्तर अभी भी खतरे के निशान से ऊपर

पटना: बिहार में बाढ़ से अब तक 16 जिलों में 74 लाख से ज्यादा की आबादी प्रभावित हुई है।आपदा प्रबंधन विभाग से रविवार को प्राप्त जानकारी के मुताबिक सीतामढ़ी, शिवहर, सुपौल, किशनगंज, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, पूर्वी चम्पारण बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। इसके अलावा पश्चिम चंपारण, खगड़िया, सारण, समस्तीपुर, सिवान, मधुबनी, मधेपुरा एवं सहरसा जिले भी बाढ़ से प्रभावित हैं।

विभाग के मुताबिक इन जिलों के 125 प्रखंडों की 1232 पंचायतों में 74 लाख से अधिक आबादी बाढ़ से प्रभावित हुई है। बाढ के कारण विस्थापित हुए लोगों को भोजन कराने के लिए 1267 सामुदायिक रसोई की व्यवस्था की गयी है। दरभंगा जिला में सबसे अधिक 15 प्रखंडों की 220 पंचायतों में 20 लाख से अधिक की आबादी बाढ़ से प्रभावित हुई है।

बिहार के बाढ़ प्रभावित इन जिलों में बचाव और राहत कार्य चलाए जाने के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की कुल 33 टीमों की तैनाती की गयी है। बागमती, अधवारा समूह, कमला बलान, गंडक, बूढ़ी गंडक जैसी नदियों में जल स्तर बढ़ने के कारण ये क्षेत्र बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। विभिन्न स्थानों पर कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। बिहार में बाढ़ से अबतक कुल 23 लोगों की मौत चुकी है। दरभंगा जिले में सबसे अधिक नौ लोगों, मुजफ्फरपुर में छह, पश्चिम चंपारण में चार तथा सारण एवं सिवान में दो-दो लोगों की मौत हो चुकी है ।

पढ़िए Patna के सभी अपडेट Times Now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर