लाइव टीवी

जब अंकिता लोखंडे को जीवा से मिलवाने ले गए थे सुशांत सिंह राजपूत, देखते ही लगा लिया था गले

Updated Jun 23, 2020 | 00:48 IST

Sushant, Ankita and Ziva Viral Photos: सुशांत सिंह राजपूत ने अपनी गर्लफ्रेंड अंकिता लोखंडे को महेंद्र धोनी की बेटी जीवा से मिलवाया था।

Loading ...
सुशांत सिंह राजपूत और अंकिता लोखंडे।
मुख्य बातें
  • सुशांत-अंकिता की जीवा के साथ तस्वीरें वायरल हो रही हैं
  • सुशांत-अंकिता की वायरल तस्वीरें कुछ साल पुरानी है
  • दोनों एक शाम एमएस धोनी के परिवार से मिलने गए थे

सुशांत सिंह राजपूत और अंकिता लोखंडे किसी वक्त टीवी की सबसे हिट जोड़ी थे। दोनों ने 'पवित्रा रिश्ता' शो से काफी सुर्खियां बटोरी थीं। इसी शो के दौरान सुशांत और अंकिता एक-दूसरे को दिल दे बैठे थे। सुशांत ने टीवी के बाद फिल्मों का रुख किया और वह धीरे-धीरे बॉलीवुड में सीढ़ियां चढ़ने लगे। साल 2013 में 'काइ पो चे' से फिल्मी करियर शुरू करने वाले सुशांत के लिए महेंद्र सिंह धोनी की बायोपिक टर्निंग प्वाइंट साबित हुई थी। 'एम.एस. धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी' की तैयारी के समय सुशांत धोनी के परिवार के काफी करीब आ गए थे। इतना ही नहीं एक मर्तबा सुशांत अपनी गर्फफ्रेंड अंकिता लोखंडे को भी धोनी की बेटी जीवा से मिलवाने ले गए थे।

सुशांत और अंकिता साल 2015 के क्रिसमस से ठीक पहले धोनी के परिवार से से मिलने गए थे। दोनों ने धोनी की बेटी जीवा के साथ खूब मस्ती की थी। सुशांत और अंकिता ने जीवा को देखते ही गले लगा लिया था। दोनों की पुरानी तस्वीरें अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। 'एम.एस. धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी' फिल्म 2016 में रिलीज हुई थी, जिसमें सुशांत ने धोनी के किरदार को बखूबी निभाया था। उन्होंने धोनी के किरदार को पर्दे पर शानदार तरीके से निभाने के लिए कड़ी तैयारी की थी। उन्होंने धोनी के हाव-भाव से लेकर उनके चलने और खेलने के अंदाज को सीखा था। 

गौरतलब है कि सुशांत और अंकिता करीब 6 साल तक साथ रहने के बाद साल 2016 में अचानक अलग हो गए थे। दोनों के ब्रेकअप से फैन्स भी काफी दुखी और शॉक्ड थे। अंकिता अलग होने के बाद भी सुशांत से बेहद प्यार करती थीं। उन्होंने घर की नेम प्लेट से सुशांत का नाम कभी नहीं हटाया। सुशांत की आत्महत्या के बाद उनके दोस्त संदीप सिंह ने सोशल मीडिया पर लिखा कि भले ही तुम दोनों अलग हो गए थे, लेकिन तुमने हमेशा उसकी खुशी और सफलता के लिए प्रार्थना की। तुम्हारा प्यार सच्चा था। ये काफी स्पेशल था। तुमने अपने घर की नेम प्लेट से नाम तक नहीं हटाया।

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।