लाइव टीवी

जानें तिल के हैरान कर देने वाले 7 फायदे, कई बीमारियों से भी दिलाता है निजात

Updated Jan 11, 2021 | 23:09 IST

तिल स्वास्थ्य के लिए बेहद फायदेमंद होता है। इसमें सेसमीन नाम का एन्टीऑक्सीडेन्ट होता है, जो कैंसर की कोशिकाओं को बढ़ने से रोकता है। यह लंग्स कैंसर, प्रोस्टेट कैंसर, ब्रेस्ट कैंसर होने की आशंका को कम करता है।

Loading ...
(तस्वीर साभार- PEXELS)
मुख्य बातें
  • तिल हाई ब्लड प्रेशर मरीजों के लिए बेहद लाभदायक है
  • रोजाना तिल का सेवन कब्ज बनने से रोकता है
  • तिल बालों को लंबे-घने और मजबूत बनाता है

तिल खाने में जितना स्वादिष्ट होता है उससे कहीं ज्यादा सेहत के लिए फायदेमंद होता है। तिल की तासीर गर्म होती है इसलिए आमतौर पर हमारे यहां सर्दियों में तिल का सेवन किया जाता है। यह हड्डियों को मजबूत बनाने के साथ त्वचा की रंगत को निखारने में मदद करता है। तिल में मोनो- सैचुरेटेड फैटी एसिड पाया जाता है जो शरीर में कोलेस्ट्रोल की मात्रा को नियंत्रित करता है। साथ ही तिल कई बड़ी बीमारियों से निजात दिलाने और उसे पनपने से रोकता है। इसके अलावा भी तिल के अनेकों फायदे हैं। आइए जानते हैं तिल के 7 बड़े फायदे।

ह्रदय संबंधी बीमारियों से दिलाता है निजात

तिल में कई तरह का लवण जैसे कैल्शियम, आयरन, मैग्नीशियम, जिंक और सोलेनियम पाया जाता है, जो ह्रदय की मांसपेशियों को सक्रिय रूप से काम करने में मदद करता है। साथ ही यह हाई ब्लड प्रेशर वाले मराजों के लिए बेहद लाभदायक होता है, जो ब्लड प्रेशर को नियंत्रित करने में मदद करता है

हड्डियों को बनाता है मजबूत

बदलते मौसम में यदि आप हड्डियों और जोड़ों में दर्द से परेशान रहते हैं तो तिल का सेवन कर सकते हैं। इसमें कैल्शियम, फॉसफॉरस जैसे कुछ जरूरी खनिज पदार्थ पाए जाते हैं, जो शरीर की हड्डियो के लिए लाभकारी होता है। साथ ही यह हड्डियों को मजबूत बनाने में मददगार होता है।

त्वचा के लिए फायदेमंद

तिल का तेल त्वचा के लिए बहुत ही फायदेमंद होता है। तिल का सेवन करने और तिल का तेल लगाने से यह त्वचा की रंगत को बढ़ाने में मदद करता है। इससे त्वचा को जरूरी पोषण मिलता है और इसमें नमी बरकरार रहती है।

सूखी खांसी के लिए असरदार

सूखी खांसी को जड़ से ठीक करने के लिए तिल बेहद असरदार होता है। इसके लिए आप तिल को मिश्री में मिक्स करके गुनगुने पानी के साथ सेवन करें।

दांतो के लिए फायदेमंद

तिल दांतो के लिए बेहद फायदेमंद सिद्ध होता है। यह दांतो को मजबूती देने के साथ कैल्शियम की आपूर्ती भी करता है। इसके लिए आप ब्रश करने के बाद तिल को चबाएं।

तनाव कम करने में सहायक

तिल में कुछ ऐसे पोषक तत्व और विटामिन पाए जाते हैं, जो तनाव और डिप्रेशन को कम करने में सहायक होते हैं। 

कब्ज से दिलाए राहत

तिल की बनी चीजें खाने से आप कब्ज की समस्या से छुटकारा पा सकते हैं। इसके लिए आप तिल और गुड़ के लड्डू का रोजाना खाना खाने के बाद सेवन कर सकते हैं। साथ ही काला तिल चबाकर खाने और ठंडा पानी पीने से बवासीर की समस्या को दूर किया जा सकता है।