लाइव टीवी

Coronavirus: कोरोना के एक्टिव मामलों की संख्या लंबे समय बाद 9 लाख से नीचे, 24 घंटे के दौरान 964 की मौत

Updated Oct 09, 2020 | 12:13 IST

Covid Cases in india: देश में कोरोना वायरस के मामलों में पिछले कुछ दिनों से कमी दिखाई दे रही है। पिछले चौबीस घंटे के दौरान 70 हजार से अधिक नए मामले सामने आए हैं।

Loading ...
कोरोना के एक्टिव मामलों की संख्या लंबे समय बाद 9 लाख से नीचे
मुख्य बातें
  • देश में कोरोना वायरस से संक्रमण के मामलों में आ रही है कमी
  • पिछले चौबीस घंटे के दौरान सामने आए 70 हजार से अधिक केस
  • पिछले एक महीने के बाद पहली बार एक्टिव मामले 9 लाख के नीचे

नई दिल्ली: भारत में एक दिन में कोरोना वायरस के 70,496 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 69 लाख से अधिक हो गई। वहीं करीब एक महीने बाद पहली बार एक्टिव मामलों (उपचाराधीन मरीजों) की संख्या नौ लाख से कम हो गई है, जो कुल मामलों का 12.94 प्रतिशत है। लगातार बड़ी संख्या में रिकवर हो रहे मरीजों की बदौलत यह संख्या कम हुई है। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देश में कुल मामलों की संख्या 69,06,151 हो गई है।

पिछले चौबीस घंटे में सामने आए 70 हजार से अधिक केस

पिछले 24 घंटे के दौरान जहां  70,496 मामले आए हैं वहीं 964 और लोगों की मौत भी हुई है। अभी तक कोरोना की वजह से कुल 1,06,490 लोगों की मौत हो गई है। आंकड़ों के अनुसार देश में संक्रमण से स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 59,06,069 हो गई है। इससे संक्रमण मुक्त होने वाले लोगों की दर बढ़कर 85.52 प्रतिशत पर पहुंच गई है। फिलहाल देश में 8,93,592 लोगों का कोरोना वायरस का इलाज जारी है। कोविड-19 से मृत्यु दर 1.54 प्रतिशत है।

लगातार सुधर रहा है रिकवरी रेट

 बड़े पैमाने पर हो रहे परीक्षणों की बदौलत पॉजिटिव मामलों की शीघ्र पहचान करने में तुरंत मदद मिलने के साथ-साथ, कुशल निगरानी और समय पर उपचार, गंभीर मामलों के लिए घरों / आइसोलेशन और अस्पतालों में समय पर और प्रभावी उपचार करने में सहायता मिली है। इसकी बदौलत मृत्यु दर में गिरावट आई है। तेजी से ठीक हो रहे रोगियों की बदौलत राष्ट्रीय रिकवरी दर भी सुधर रहा है और यह बढ़कर 85.52% तक पहुंच गया है। पिछले 24 घंटों में 78,365 लोग ठीक हुए हैं।  निरंतर आधार पर परीक्षण की उच्च संख्या ने पाजिटिव मामलों की दर को नीचे लाने में मदद की है। 

गुरुवार को हुए 11 लाख से अधिक टेस्ट

भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के अनुसार देश में आठ अक्टूबर तक कोविड-19 के 8,46,34,680 नमूनों की जांच की गई, जिनमें से 11,68,705 नमूनों की जांच गुरुवार को की गई। ठीक होने वाले नए मामलों में से 75 फीसदी मामले 10 राज्यों / केंद्र शासित प्रदेशों से हैं जिनमें महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, दिल्ली और मध्य प्रदेश शामिल हैं।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।