लाइव टीवी

कोरोना की चपेट में आए पुलिसकर्मी, अब मुंबई पुलिस ने उठाया ये बड़ा कदम

Updated Apr 28, 2020 | 15:50 IST

Mumbai Police: मुंबई पुलिस ने अपने 55 साल से ज्यादा उम्र और पहले से किसी बीमारी से पीड़ित कर्मियों से छुट्टी पर जाने को कहा है ताकि उन्हें कोरोना वायरस संक्रमण से बचाया जा सके।

Loading ...
कोरोना से मुंबई के तीन पुलिस कर्मियों की मौत

नई दिल्ली: कोरोना वायरस के कहर से कोई भी नहीं बच पा रहा है। इसी क्रम में मुंबई पुलिस ने अपने 55 साल से अधिक उम्र के कर्मियों को छुट्टी पर जाने और घर पर रहने के लिए कहा है। मुंबई के पुलिस कमिश्नर परम बीर सिंह का आदेश तब आया है जब मुंबई पुलिस के 3 कर्मियों की कोरोना वायरस से मौत हो गई है। 

मुंबई पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि विश्लेषण के दौरान यह सामने आया है कि तीनों मृतक और वर्तमान में कोरोनो वायरस से संक्रमित अन्य पुलिसकर्मी की उम्र 50 से ऊपर हैं। इसे देखते हुए हमने अपने पुलिसकर्मियों और अधिकारियों की रक्षा करने का फैसला किया है। जिनकी उम्र 55 वर्ष से अधिक है और जो पहले से किसी बीमारी से पीड़ित है, उन्हें छुट्टी लेने के लिए कहा गया है। अधिकारी ने बताया, 'उम्र के कारण इन पुलिस कर्मियों को अधिक खतरा है। इसलिए हम उन्हें इन दिनों के दौरान छुट्टी लेने की अनुमति दे रहे हैं।'

महाराष्ट्र में अब तक कोरोना वायरस से 20 अधिकारियों सहित कम से कम 107 पुलिसकर्मी संक्रमित हो चुके हैं। उनमें से अधिकतर मुंबई के हैं। मुंबई पुलिस के 57 वर्षीय हेड कांस्टेबल की सोमवार को कोविड-19 से मौत हो गई। इसके अलावा, 52 वर्षीय हेड कांस्टेबल की रविवार को बीमारी के कारण मौत हो गई, जबकि 57 वर्षीय कांस्टेबल ने शनिवार को दम तोड़ दिया।

मुंबई में कोरोना का कहर
मुंबई में बहुत तेजी से कोरोना वायरस के मामले बढ़ रहे हैं। सोमवार को मुंबई में कोरोना वायरस के 395 नए मामले आए, जिससे यहां कुल रोगियों की संख्या 5,589 हो गई। शहर में मृतकों की संख्या 219 पहुंच गई है। यहां अभी तक 1015 मरीज ठीक हो चुके हैं। वहीं महाराष्ट्र की बात करें तो यहां कोविड-19 के कुल मामलों की संख्या 8590 हो गई है। मृतकों का आंकड़ा 369 हो गया है। 1282 लोग ठीक हो गए हैं। 

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।