लाइव टीवी

Kanpur Ramayan Theme Park : दो अप्रैल से चालू होगा रामायण थीम पार्क, मिलेंगी रामायण से जुड़ी जानकारियां

Updated Mar 29, 2022 | 22:18 IST

Kanpur Ramayan Theme Park : कानपुर के लोगों को 2 अप्रैल को बड़ी सौगात मिलने वाली है। तुलसी उपवन मोतीझील में पहला रामायण थीम पार्क बनकर तैयार हो गया है।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspRepresentative Image
दो अप्रैल से शुरू हो रहा कानपुर थीम पार्क
मुख्य बातें
  • शहरवासियों को मिलने वाली है सौगात
  • तुलसी उपवन मोतीझील में बना पार्क
  • लोगों को मिलेगी त्रेतायुग की जानकारी

Kanpur Ramayan Theme Park : इस रामायण थीम पार्क में लेजर लाइट शो भी होगा। इसके जरिए लोग त्रेतायुग का जीवंत दर्शन कर पाएंगे। इस बारे में नगर आयुक्त शिव शरणप्पा जीएन ने जोनल अभियंता आरके सिंह को बचे कार्यों को जल्द पूरा कराने का निर्देश दिया।नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि, नवरात्र शुरू होने से पहले सभी काम पूरा करा लें। 2 अप्रैल से रामायण थीम पार्क खोला जाना है। इसमें प्रवेश शुल्क नहीं लगेगा। लेजर लाइट शो शाम 7 बजे से रात 8:15 बजे तक होगा। 

इस योजना की शुरुआत पर्यटन मंत्रालय की योजना स्वदेश दर्शन के तहत की जा रही है। 2018 में नेशनल प्रोजेक्ट्स कंस्ट्रक्शन कॉरपोरेशन लिमिटेड ने थीम पार्क का काम शुरू किया था। इसके तहत डिजिटल रामायण और वीडियो वॉल के जरिए लाइट एंड साउंड शो का भी प्रसारण होगा।   

राम-सीता विवाह से रावण वध तक दिखेगा
इस पार्क में पर्यटकों के लिए तुलसीदास की रचनाएं व दोहे, रामायण के प्रमुख पात्र, श्रीराम एवं सीता का विवाह, रामाज्ञा, संकटमोचन, जानकी मंगल, सीता हरण, वनवास आदि को लेजर लाइट के जरिए दिखाया जाएगा। इतना ही नहीं, राम और रावण का युद्ध, रामेश्वरम सेतु, सीता वनवास, संजीवनी खोज भी लेजर लाइट के माध्यम से प्रस्तुत की जाएगी। कई अहम दृष्यों को खास तरह से प्रस्तुत किया जाएगा। 

दो साल से चल रहा था निर्माण
रामायण थीम पार्क का निर्माण कार्य दो साल से चल रहा था। इसके लिए नगर निगम बोर्ड की बैठक में प्रस्ताव पास हुआ था। फिर टेंडर निकालकर निर्माण कार्य शुरू कराया गया। पूरी योजना के ऊपर करीब 1 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं। रामायण पार्क फिलहाल खुलने के बाद कई और नई सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। बच्चों और बुजुर्गों को ध्यान में रखकर पार्क को विकसित किया जाना है। इसकी रूपरेखा तैयार हो चुकी है। यह कार्य अलग एजेंसी से कराया जाना है, जिसके लिए दोबारा टेंडर निकाला जाएगा।

Kanpur News in Hindi (कानपुर समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharatपर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।