लाइव टीवी

धनतेरस के दिन बर्तन खरीदना इसलिए होता है शुभ, इस समय से चली आ रही है परंपरा

Updated Oct 24, 2019 | 13:45 IST | टाइम्स नाउ डिजिटल

Dhanteras: धनतेरस पर बर्तन खरीदने की परंपरा प्राचीन काल से ही चली आ रही है। आइये जानते हैं धनतेरस के दिन बर्तन खरीदना क्यों शुभ होता है।

Loading ...
Dhanteras
मुख्य बातें
  • धनतेरस के दिन भगवान धन्वंतरि और मां लक्ष्मी की पूजा करने से घर में सुख समृद्धि आती है
  • भगवान धन्वंतरि हाथ में कलश लिए धनतेरस के दिन ही समुद्र मंथन से प्रकट हुए थे
  • कहा जाता है कि धनतेरस के दिन चांदी खरीदने से सौभाग्य खुलता है

दिवाली से दो दिन पहले पड़ने वाले धनतेरस का बहुत ही अधिक महत्व है। इस दिन माता लक्ष्मी और भगवान कुबेर की पूजा की जाती है। मान्यताओं के अनुसार धनतेरस के दिन बर्तन,सोना, चांदी और पीतल सहित कई अन्य सामान खरीदने से उसमें तेरह गुना वृद्धि होती है। यही कारण है कि धनतेरस पर ज्यादातर घरों में लोग बर्तन, झाड़ू जैसे कई सामानों की खरीदारी करते हैं।

धनतेरस के दिन भगवान धन्वंतरि और मां लक्ष्मी की पूजा करने से घर में सुख समृद्धि आती है। कहा जाता है कि मां लक्ष्मी को झाड़ू बहुत प्रिय है इसलिए धनतेरस के दिन लोग इसकी भी खरीदारी करते हैं। इस वर्ष धनतेरस 25 अक्टूबर को है। इस दिन बर्तन खरीदने की परंपरा प्राचीन काल से ही चली आ रही है। आइये जानते हैं धनतेरस के दिन बर्तन खरीदना क्यों शुभ होता है।

धनतेरस पर क्यों खरीदा जाता है बर्तन
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि को सभी देवताओं ने मिलकर समुद्र मंथन किया था। समुद्र मंथन के दौरान चौदह रत्नों की उत्पत्ति हुई थी। भगवान धन्वंतरि हाथ में कलश लिए धनतेरस के दिन ही समुद्र मंथन से प्रकट हुए थे। इसके दो दिन बाद माता लक्ष्मी प्रकट हुई थीं। तभी से धनतेरस के दिन बर्तन खरीदने की परंपरा शुरू हुई और इसे बहुत शुभ माना जाता है।

धनतेरस के दिन चांदी खरीदने का महत्व
भगवान धन्वंतरि धनत्रयोदशी के दिन हाथ में चांदी का पात्र लेकर उत्पन्न हुए थे। इसलिए इस दिन चांदी का बर्तन, चम्मच या चांदी के आभूषण खरीदने का बहुत महत्व है। कहा जाता है कि धनतेरस के दिन चांदी खरीदने से सौभाग्य खुलता है और सुख समृद्धि की प्राप्ति होती है। इसके अलावा चांदी को चंद्रमा का प्रतीक और धन एवं मन का स्वामी माना जाता है। धनतेरस के दिन चांदी की कोई भी वस्तु खरीदने से घर में खुशहाली आती है।

धनतेरस के दिन झाड़ू खरीदना होता है शुभ
झाड़ू को मां लक्ष्मी का प्रतीक माना जाता है। शास्त्रों के अनुसार धनतेरस के दिन झाड़ू खरीदने से लक्ष्मी माता रुठकर घर से बाहर नहीं जाती हैं। इस दिन लोग झाड़ू खरीदकर अपने घरों में रखते हैं और लक्ष्मी माता का स्वागत करने के लिए पूरी रात जगते हैं।

धनतेरस के दिन क्या न खरीदें
इस दिन कांच, स्टील के बर्तन, लोहा और वाहन खरीदना अशुभ होता है। मान्यता के अनुसार इन वस्तुओं में राहु का वास होता है और इन्हें घर में लाने से घर की शांति भंग होती है और परेशानियां आती हैं।

धनतेरस के शुभ दिन अपने घर में बर्तन जरूर खरीदना चाहिए ताकि माता लक्ष्मी और भगवान धन्वंतरि की कृपा से आपके घर में सुख समृद्धि आए।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | अध्यात्म (Spirituality News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल