लाइव टीवी

Sushant Singh Rajput के खेलों से जुड़े 5 अद्भुत सपने, जानकर आप भी कहेंगे 'तुम लाजवाब थे'

Updated Jul 24, 2020 | 17:22 IST

Sushant Singh Rajput's bucket list, : बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत ने एक बकट लिस्ट तैयार की थी। इच्छाओं की एक ऐसी लिस्ट जिसको एक-एक करके वो पूरा करना चाह रहे थे। इन्हीं में कुछ खेल से जुड़े सपने भी थे।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspTwitter
Sushant Singh Rajput, सुशांत सिंह राजपूत
मुख्य बातें
  • सुशांत सिंह राजपूत की बकट लिस्ट, एक एक्टर, कई सपने
  • 50 चीजें करना चाहते थे सुशांत सिंह राजपूत, खेल जगत से जुड़े अद्भुत सपने भी थे
  • खेलों के मामले में सुशांत किसी खिलाड़ी से कम नहीं थे

24 July, नई दिल्ली। एक इंसान, तमाम खूबियां। सुशांत सिंह राजपूत..अपने आप में चाहतों का वो पिटारा थे जो किसी भी युवा को लुभाने के लिए काफी था। अपनी मेहनत के दम पर एक कठिन डगर पर निकलते हुए अपना नाम कमाना लेकिन उसके बावजूद अपने छोटे-छोटे सपनों को पूरा करने की जद्दोजहद करना, कुछ ऐसे ही थे सुशांत सिंह राजपूत। इस बॉलीवुड सुपरस्टार ने 50 चीजों की ऐसी लिस्ट (Bucket list) तैयार की थी जिसे वो एक-एक करके पूरा कर रहे थे। दुर्भाग्यवश वो इस दुनिया में नहीं रहे और इसमें से सिर्फ 12 ख्वाहिश पूरी हो सकीं। आइए जानते हैं कि इसमें खेलों से जुड़ा क्या-क्या था।

ये बात किसी से छुपी नहीं है कि सुशांत सिंह राजपूत को खेलों से खास लगाव था। उनकी दो सबसे सफल फिल्मों में वो एक क्रिकेटर की भूमिका में ही नजर आए- 'काई पो चे' और 'एमएस धोनी- द अनटोल्ड स्टोरी'। लेकिन अगर आपको लगता है कि उनका लगाव सिर्फ क्रिकेट तक सीमित था, तो ऐसा नहीं है। सुशांत हर चीज में परफेक्ट बनना चाहते थे और वो उस रास्ते पर बखूबी चल भी रहे थे। ये हैं उनकी 50 चाहतों के पिटारे में से खेल से जुड़ी 5 ख्वाहिशें..

1. आयरन मैन ट्राइथलॉन

आयरन मैन ट्राइथलॉन एक ऐसी प्रतियोगिता है जिसमें दुनिया के बड़े से बड़े फिट धुरंधरों की हालत खराब हो जाती है। तैराकी, दौड़ जैसी कई चीजें आपको एक साथ करनी होती हैं। इसमें पहले 3.86 किलोमीटर की तैराकी, 180.25 किलोमीटर की साइकलिंग और फिर तुरंत बाद 42.20 किलोमीटर लंबी मैराथन पूरी करनी होती है। सुशांत सिंह राजपूत ने इसके स्तर की ट्रेनिंग की थी और उसका वीडियो भी पोस्ट किया था।

2. किसी टेनिस चैंपियन के साथ खेलना

बेशक सुशांत सिंह राजपूत को क्रिकेट बहुत पसंद था लेकिन वो धोनी और सचिन की तरह टेनिस के भी शौकीन थे। उनका सपना था कि वो टेनिस कोर्ट पर किसी टेनिस चैंपियन के साथ एक बार खेलें। हालांकि इस सपने के पूरे होनी की कभी कोई खबर नहीं आई। सुशांत खाली समय में टेनिस भी खेलना पसंद करते थे।

3. दोनों हाथों से आर्चरी सीखना

तीरंदाजों में आपने कई खूबियां देखी होंगी लेकिन सुशांत सिंह राजपूत आर्चरी को सिर्फ आम तरह से सीखना नहीं चाहते थे, बल्कि वो इसमें कुछ खास करना चाहते थे। दरअसल, वो Ambidextrous आर्चरी करना चाहते थे। यानी वो तीरंदाज जो दोनों हाथों से तीर चलाने में माहिर हो।

4. चैंपियन के साथ शतरंज की बाजी

सुशांत सिंह राजपूत शतरंज में भी माहिर थे। बताया जाता है कि वो शूटिंग के दौरान कई बार खाली समय में किसी के भी साथ शतरंज खेलने बैठ जाया करते थे। उनकी इस बकट लिस्ट में ये भी एक ख्वाहिश थी कि वो किसी चैंपियन शतरंज खिलाड़ी के साथ एक बार चेस की बाजी खेलें।

5. बाएं हाथ से क्रिकेट

सुशांत सिंह राजपूत एक दाएं हाथ के क्रिकेट खिलाड़ी थे। एमएस धोनी पर बनी फिल्म में लोगों ने देखा कि कैसे वो एक अभिनेता से क्रिकेट में महारथी बने। उन्होंने उस रोल के लिए पूरी जान लगा दी थी। कुछ दिग्गज तो ये तक कहने लगे थे कि वो घरेलू क्रिकेट के लिए पूरी तरह से तैयार हो चुके हैं। लेकिन क्या आपको पता है कि सुशांत सिंह राजपूत क्रिकेट से जुड़ा भी एक सपना रखते थे। ये सपना था बाएं हाथ से खेलते हुए एक क्रिकेट मैच खेलना। उन्होंने इस सपने को भी काफी हद तक पूरा करने का प्रयास किया था और ये वीडियो पोस्ट किया था।

सुशांत सिंह राजपूत इसी तरह कागज पर अपनी ख्वाहिशें लिखते रहते थे और एक-एक करके इनको पूरा भी करते थे। पूरा यूरोप ट्रेन से घूमना हो या फिर नासा और इसरो में बच्चों की ट्रेनिंग कराना जैसी कई ऐसी चीजें थीं जो सुशांत करना चाहते थे और 50 में से तकरीबन 12 सपने वो पूरा भी कर चुके थे।

14 जून 2020 को बांद्रा स्थित उनके घर पर सुशांत सिंह राजपूत मृत पाए गए थे। पुलिस ने इसे आत्महत्या करार दिया लेकिन एक महीने से ऊपर बीतने के बाद भी सुशांत के फैंस ये मानने को तैयार नहीं हैं। सोशल मीडिया पर मुहिम छिड़ी हुई है कि ये एक मर्डर था और इसमें सीबीआई की जांच होनी चाहिए। आज (24 जुलाई) को सुशांत की अंतिम फिल्म 'दिल बेचारा' भी ऑनलाइन रिलीज हो गई जिसने उनके फैंस को और भावुक किया है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल